पुलिसिया होली में उड़ा रंग-गुलालः एसपी-कलेक्टर ने भी एक दूसरे को लगाया गुलाल
![]() |
| एसपी-कलेक्टर |
होली के दूसरे दिन पुलिस की होली का अपना अलग ही अंदाज रहता है। परंपरा अनुसार होली के दूसरे दिन आज मंगलवार को पुलिस परेड़ ग्राउंड में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंगों के इस उत्सव में एसपी अमन सिंह राठौड़ ने अपने अधीनस्थों के साथ जमकर होली खेली, इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी भी शामिल हुए। मीडियाकर्मी भी उत्सव में शामिल हुए। इस उत्सव में पारंपरिक और पौराणिक गीतों पर डांस करने से ये अधिकारी भी अपने कदम नहीं रोक पाए।
लगातार डयूटी देने वाले पुलिस कर्मियों ने अपने कप्तान के साथ होली खेली तो उनका जोश भी दोगुना हो गया। इस उत्सव मे कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ रंगों में रंगे नजर आए। फिल्मी गाने व देश भक्ति की धुनों पर कोई भी अपने कदम नहीं रोक सका। साथ में मौजूद लोग भी ठुमके लगाते नजर आए। उत्सव में जिले के सभी अनुविभागों के एसडीओपी एवं शहरी क्षेत्र के थानों के टीआई सहित तमाम एएसआई, एसआई और आरक्षक एक साथ मस्ती करते नजर आ रहे थे। होली के रंगों में इस तरह रंगे की पहचान पाना मुश्किल हो रहा था।
एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कि कहा कि होली पर लोग खुशी-खुशी त्योहार मना सकें, इसके लिए लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी बधाई के पात्र हैं। ये रंगों का त्योहार है। आज हमारी होली का दिन है। होली रंगों का ही नहीं आपसी मनमुटाव को धोने वाला त्योहार है। साल भर ड्यूटी करके थक चुके पुलिस कर्मियों के उत्साह और उमंग को ये त्योहार दोगुना कर देता है।
होली के दिन कलेक्टर बंगले पर उड़ा था गुलाल बता दें कि होली के दिन सोमवार को कलेक्टर बंगले पर भी होली मिलन का कार्यक्रम आयोजन किया गया था। जहां जिले के अधिकारियों ने कलेक्टर बंगले पर पहुंचकर कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को शुभकामनाएं दी। इसके अतिरिक्त शहर के गणमान्य लोग भी बंगले पर पहुंचे थे। जहां एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गई थी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर भी कलेक्टर बंगले पर पहुंचे जहां उन्होंने होली की शुभकामनाएं दी थी और आज कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे और पुलिस वालों की होली में शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें