शिवपुरी में 'चौकों-छक्कों' के बीच 'जंगल' बचाने की जंग: रोमांचक मुकाबलों में गूँजा जागरूकता का संदेश!
![]() |
| तस्वीर जीत की |
शिवपुरी: मैदान पर पसीना बहाते खिलाड़ी और स्टैंड्स में गूँजती तालियां... मौका था वनाग्नि सुरक्षा टेनिस बॉल टी-10 टूर्नामेंट का। यहाँ न सिर्फ विकेट गिरे, बल्कि वनाग्नि के खिलाफ़ जागरूकता का संदेश भी बुलंद हुआ। खेल के बहाने जंगल बचाने की इस मुहिम ने शहर का पारा चढ़ा दिया है।
आखिरी ओवर का 'थ्रिलर', बड़ागांव ने मारी बाजी
पहला मुकाबला शिवपुरी (बड़ागांव) और सतनवाड़ा (नरवर) के बीच हुआ। सतनवाड़ा की टीम मैदान पर टिकने के लिए जूझती दिखी और विकास जाटव के 17 रनों की मदद से 65 पर सिमट गई। धर्मराज आदिवासी ने ऐसी फिरकी घुमाई कि 3 विकेट चटकाकर सतनवाड़ा की कमर तोड़ दी। 66 रनों का पीछा करते हुए बड़ागांव की सांसें फूल गई थीं, लेकिन कप्तान गौतम (26 रन) की सूझबूझ और धर्मराज के फोलादी प्रदर्शन ने 9.5 ओवर में जीत दिला दी। धर्मराज को उनके शानदार स्पेल के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
विक्रम की 'तूफानी' पारी, कोलारस की धमाकेदार जीत
दूसरे मैच में जंगल स्ट्राइकर्स (फॉरेस्ट) और कोलारस (सरजापुर) की भिड़ंत हुई। स्ट्राइकर्स ने 10 ओवर में 83 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया (शिवम परमार - 28 रन)। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलारस की टीम ने 'बुलेट' की रफ़्तार से रन बनाए। विक्रम सिंह ने नाबाद 40 रनों की आतिशी पारी खेलकर मैच एकतरफा कर दिया। मोनू कुशवाह के 25 रनों ने जीत की राह और आसान कर दी।
खेल भी, संदेश भी!
सिर्फ रन बनाना ही मकसद नहीं था; वन विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों के साथ मिलकर 'वनाग्नि सुरक्षा' की शपथ ली। अधिकारियों ने कहा— "मैदान पर मुकाबला है, लेकिन जंगल बचाने के लिए हम सबको एक ही टीम में रहना होगा।"
रविवार का 'सुपर संडे' शेड्यूल
रविवार को मैदान पर फिर से रनों की बारिश होगी। कार्यक्रम कुछ इस प्रकार है, सुबह 08:00 बजे (सुपर 4), करेरा बनाम पोहरी, पिछोर बनाम बदरवास, सुबह 10:00 और 12:00 बजे: सेमीफाइनल के महामुकाबले।दोपहर 03:00 बजे: वह घड़ी जिसका सबको इंतज़ार है— ग्रैंड फाइनल

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें