Recent Posts

करैरा के घसाराही में सागौन शीशम के पेड़ काटने वाले तीन स्थानीय ग्रामीणों पर मामला दर्ज, 122 नग बरामद करैरा एसडीओ सचेद्र सिंह ने डिप्टी रेंजर सोमेश शर्मा के साथ जांच कर स्थानीय लोगो से बरामद किए 122 नग सिरसोद की घसाराही और जुगया बीट में आया था हरे भरे पेड़ काटने का मामला करैरा एसडीओ ने की कार्यवाही

बुधवार, 1 अप्रैल 2026

करैरा के घसाराही में सागौन शीशम के पेड़ काटने वाले तीन स्थानीय ग्रामीणों पर मामला दर्ज, 122 नग बरामद 

करैरा एसडीओ सचेद्र सिंह ने डिप्टी रेंजर सोमेश शर्मा के साथ जांच कर स्थानीय लोगो से बरामद किए 122 नग 

सिरसोद की घसाराही और जुगया बीट में आया था हरे भरे पेड़ काटने का मामला करैरा एसडीओ ने की कार्यवाही

कटे हुए पेड़ों का फोटो 

शिवपुरी। जिले के करैरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली घसारही और जुगया बीट में पिछले कुछ दिनों से बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला प्रकाश में आया है। इस घटनाक्रम में जहाँ एक ओर 13 वर्ष पुराने प्लांटेशन को नुकसान पहुँचा है, वहीं दूसरी ओर विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ स्थानीय लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर अवैध लकड़ी जब्त की है।

घसारही बीट: 13 वर्ष पुराने प्लांटेशन में हुई कटाई

सिरसौद क्षेत्र की घसारही बीट में वर्ष 2011-12 के दौरान शासन द्वारा एक महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण परियोजना चलाई गई थी। लगभग 65 बीघा जमीन पर किए गए इस प्लांटेशन में 21,070 पौधे लगाए गए थे। पिछले 13 वर्षों में इन पौधों ने विशाल पेड़ों का रूप ले लिया था और क्षेत्र के पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में इस प्लांटेशन से लगभग 400 पेड़ों को काट दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। विभागीय जांच के दौरान मौके पर करीब 150 वृक्षों के ठूंठ (डंठल) पाए गए, जिनकी गिनती रिकॉर्ड में दर्ज की गई है। इसके पश्चात विभाग ने आस-पास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

तीन आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज, बेशकीमती लकड़ी जब्त

करैरा एसडीओ सचेद्र सिंह तोमर व डिप्टी रेंजर सोमेश शर्मा को जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर सफलता हाथ लगी है। तलाशी अभियान के दौरान तीन ग्रामीणों— जनवेद सिंह लोधी, ईदल सिंह और करन सिंह के पास से लकड़ी के कुल 122 टुकड़े बरामद किए गए हैं। जब्त की गई लकड़ी में सागौन और शीशम जैसी अत्यंत कीमती और इमारती लकड़ियाँ शामिल हैं। वन विभाग ने इन तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

जुगया बीट में भी कटाई की शिकायत

घसारही के साथ-साथ करैरा की ही जुगया बीट (कक्ष क्रमांक 456) में भी पेड़ कटाई की शिकायतें सामने आई थीं। स्थानीय स्तर पर यह आरोप लगाए जा रहे थे कि इस बीट में भी बड़ी संख्या में पेड़ों को काटा गया है। इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

हालाँकि, इस मामले में डिप्टी रेंजर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मौके पर किए गए भौतिक सत्यापन और जांच में पेड़ों की अवैध कटाई की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण किया है, लेकिन प्रथम दृष्टया वहां कटाई का कोई मामला सामने नहीं आया है।

सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तेज

इन घटनाओं के बाद करैरा वन विभाग अब और अधिक सतर्क हो गया है। घसारही बीट मामले में बरामदगी और एफआईआर के बाद अब विभाग इस बात की तहकीकात कर रहा है कि इस अवैध कटाई के पीछे और कौन-कौन से तत्व शामिल हो सकते हैं। साथ ही, क्षेत्र के अन्य प्लांटेशन और जंगलों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

इनका कहना है। 

जुगया बीट में पेड़ो की कटाई का मामला सामने आया था लेकिन ज़ब विभाग ने जांच की तो ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है मौके पर जाकर जांच में ऐसा कुछ नहीं निकला है। 

कुलदीप सिंह कोर डिप्टी 

इनका कहना है। 

घसाराही बीट में पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है जिसमे हमने जांच कर पेड़ काटने वाले तीन स्थानीय लोगो पर मामला दर्ज कर 122 लड़की के कटे टुकड़े जप्त किए है आगे भी अभी कार्यवाही जारी है। 

सोमेश शर्मा डिप्टी घसाराही बीट 

इनका कहना है। 

हमने दोनों बीटो की जांच की है जुगया बीट में कोई मामला सामने नहीं आया है घसाराही बीट में करीब 150 ठूठ जांच रिपोर्ट में दर्ज किए है जिसमे से तीन स्थानीय ग्रामीण पर मामला दर्ज कर कुछ लकड़ी बरामद की गई है और अभी जांच जारी है। 

सचेद्र सिंह तोमर करैरा एसडीओ

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें